अधिक मास के अवसर पर श्रीश्री भीमाशंकर सेवा समिति का विशाल भंडारा एक माह से जारी
थर्ड आई न्यूज़
गुवाहाटी, 14 जून। अधिक मास (पुरुषोत्तम मास) के पावन अवसर पर श्रीश्री भीमाशंकर सेवा समिति, बेलतला के तत्वावधान में आयोजित विशाल भंडारा गत 17 मई से निरंतर जारी है। समिति के सक्रिय सदस्य महेंद्र मित्तल ने बताया कि डाकिनी पहाड़ी स्थित द्वादश ज्योतिर्लिंग श्री भीमाशंकर महादेव मंदिर परिसर में आयोजित यह भंडारा 15 जून तक चलेगा।
समिति की ओर से प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं एवं भक्तों के बीच प्रसाद का वितरण किया जा रहा है। इसमें स्थानीय लोगों के साथ-साथ विभिन्न स्थानों से आने वाले पर्यटक भी शामिल हैं। द्वादश ज्योतिर्लिंग श्री भीमाशंकर महादेव के दर्शन करने के बाद श्रद्धालु बड़ी श्रद्धा के साथ समिति द्वारा आयोजित इस विशाल भंडारे में प्रसाद ग्रहण कर रहे हैं।
भंडारे के समापन से एक दिन पूर्व शनिवार को भजन-कीर्तन कार्यक्रम का भी आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने अपने परिवार सहित भाग लिया। पूरे वातावरण में भक्ति और श्रद्धा का भाव देखने को मिला।
इस विशाल सेवा कार्य को सफल बनाने में श्रीश्री भीमाशंकर सेवा समिति, बेलतला के सलाहकार जुगल किशोर शर्मा, अध्यक्ष रोहतास अग्रवाल, सचिव संदीप डाकुनिया, कोषाध्यक्ष पवन जिंदल, वरिष्ठ सदस्य महेंद्र मित्तल, प्रदीप भुवालका सहित समिति के सभी पदाधिकारी एवं सदस्य निरंतर योगदान दे रहे हैं। समिति के सदस्यों ने बताया कि समाजसेवा और धार्मिक आस्था के इस आयोजन को श्रद्धालुओं का भरपूर सहयोग और समर्थन मिल रहा है।

