नगांव में हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ दो दिवसीय दादीजी महोत्सव
थर्ड आई न्यूज
नगांव से जयप्रकाश सिंह
भादव अमावस्या के पावन अवसर पर श्री राणी सतीजी सत्संग समिति, नगांव के तत्वावधान में हैबरगांव स्थित शनि मंदिर रोड के श्री हनुमान मंदिर भवन में दो दिवसीय दादीजी महोत्सव श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ संपन्न हुआ। इस अवसर पर दादीजी के दरबार को भव्य एवं अलौकिक श्रृंगार से सजाया गया था।
दो दिवसीय महोत्सव में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। भजन संध्या, भव्य श्रृंगार और दिव्य ज्योति सहित विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रहे। महोत्सव के दौरान भक्तों ने भक्ति संगीत के बीच जमकर आनंद लिया।
महोत्सव के प्रथम दिन आयोजित भजन संध्या में सिलीगुड़ी से आमंत्रित प्रसिद्ध भजन गायक आयुष एवं पीयूष ने अपनी सुमधुर प्रस्तुतियों से श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। उनके भजनों पर श्रद्धालु झूमते और भक्ति में लीन नजर आए।
दूसरे दिन मंगल पाठ एवं भव्य उत्सव का आयोजन किया गया। महाराष्ट्र से आमंत्रित प्रसिद्ध मंगल पाठ वाचिका नेतल शर्मा एवं पंडित उमेश शर्मा की संगीतमय प्रस्तुति ने दादी भक्तों में उत्साह और उल्लास भर दिया। मंगल पाठ के दौरान दादीजी जन्मोत्सव तथा राधा-कृष्ण नृत्य की जीवंत झांकी प्रस्तुत की गई, जिसे देखकर श्रद्धालु मंत्रमुग्ध हो गए।
महोत्सव के दौरान राधा-कृष्ण नृत्य के साथ गजरा उत्सव, चुनरी उत्सव और मेहंदी उत्सव का भी आयोजन किया गया। विभिन्न धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने पूरे आयोजन को भक्तिमय बना दिया। कार्यक्रम के समापन पर सभी श्रद्धालुओं के बीच महाप्रसाद का वितरण किया गया।

