जुबिन दा की स्मृति में ‘यूनिटी फुटबॉल लीग’, धीरज शर्मा की टीम बनी विजेता, दूधिया रोशनी में पांच टीमों के बीच रोमांचक मुकाबले, फाइनल में 5-4 से हुआ जीत का फैसला
थर्ड आई न्यूज
गुवाहाटी । असम के लोकप्रिय कलाकार जुबिन दा की प्रथम पुण्यतिथि के अवसर पर मारवाड़ी सम्मेलन, गुवाहाटी शाखा की ओर से उनकी स्मृति में ‘यूनिटी फुटबॉल लीग’ का आयोजन किया गया। मानपाड़ा स्थित स्पाइडर स्पोर्ट्स क्लब में शाम पांच बजे से दूधिया रोशनी के बीच आयोजित प्रतियोगिता में पांच टीमों ने हिस्सा लिया। खिलाड़ियों ने शानदार खेल कौशल, अनुशासन और खेल भावना का परिचय देते हुए कई रोमांचक मुकाबलों से दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया।
टूर्नामेंट का फाइनल बेहद रोमांचक रहा और जीत का फैसला 5-4 के स्कोर से हुआ। धीरज शर्मा की टीम विजेता और आशीष कोठारी की टीम उपविजेता रही। अमित जैन को ‘गोल्डन ग्लव्स’ तथा मृणाल झुनझुनवाला को ‘गोल्डन बूट’ का पुरस्कार प्रदान किया गया।
मुख्य अतिथि मनोज भजनका ने प्रतियोगिता की ट्रॉफी का अनावरण किया। उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए उनके प्रदर्शन की सराहना की और भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।
मारवाड़ी सम्मेलन, गुवाहाटी शाखा के अध्यक्ष शंकर बिड़ला ने कहा कि शाखा की ओर से आयोजित यह दूसरा लीग टूर्नामेंट है। खेल जीत और हार तक सीमित नहीं रहता, बल्कि आपसी भाईचारे, अनुशासन और एकता को मजबूत करने का प्रभावी माध्यम भी है। उन्होंने खिलाड़ियों से स्वस्थ प्रतिस्पर्धा और खेल भावना को सर्वोपरि रखने का आह्वान किया।
प्रतियोगिता के संयोजक प्रवीण डागा और रमेश दमानी ने मुकाबले शुरू होने से पहले खिलाड़ियों को नियमों की जानकारी दी तथा अनुशासन और खेल भावना के साथ मैदान में उतरने के लिए प्रेरित किया।
आयोजन को सफल बनाने में पूर्वोत्तर मारवाड़ी सम्मेलन के प्रांतीय उपाध्यक्ष विनोद कुमार लोहिया, कामरूप शाखा की उपाध्यक्ष सरिता लोहिया, गुवाहाटी शाखा के उपाध्यक्ष महेंद्र मित्तल, प्रदीप भुवालका, कार्यकारिणी सदस्य प्रभास अग्रवाल, विनोद कुमार जिंदल, राजेश भजनका, विकास जैन, मनोज नायब चांडक, संजीत धूत, मनोज लुंडिया, सुमित बजाज, प्रवीण फलोड, संदीप काबरा, रमेश मूंदड़ा और अरविंद पारीक ने सहयोग दिया।
शाखा सचिव सूरज सिंघानिया और कोषाध्यक्ष नरेंद्र सोनी ने प्रतियोगिता में सहयोग देने वाले प्रायोजकों एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने ओरम कैटरिंग के विशाल चौहान, आरती चौहान, स्वाति अग्रवाल, गरिमा बोराड़, सुरुचि के विनीत अग्रवाल तथा पानी एवं जूस की व्यवस्था में सहयोग देने वाले विजित प्रकाश और प्रियंक जालान का विशेष रूप से धन्यवाद किया।
दूधिया रोशनी में देर तक चले मुकाबलों के दौरान खिलाड़ियों के साथ दर्शकों में भी खासा उत्साह रहा। जुबिन दा की स्मृति को समर्पित प्रतियोगिता के माध्यम से आयोजकों ने युवाओं को खेल और सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ने के साथ एकता एवं भाईचारे का संदेश दिया।

