Market: शेयर बाजार में गिरावट पर कांग्रेस हमलावर, कहा- मोदी और ट्रंप अर्थव्यवस्था को नुकसान पहुंचाने में माहिर

थर्ड आई न्यूज
नई दिल्ली I अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप के जवाबी टैरिफ के बाद शेयर बाजार में आई गिरावट को लेकर कांग्रेस ने हमला बोला है। कांग्रेस ने कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप दोनों ही अपनी अर्थव्यवस्था को नुकसान पहुंचाने में माहिर हैं। बाजार भी अनुमान के मुताबिक टैरिफिंग तरीके से प्रतिक्रिया कर रहा है।
कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने एक्स पर पोस्ट में लिखा कि इसमें कोई आश्चर्य की बात नहीं है कि पीएम मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप खुद को अच्छे दोस्त बताते हैं। दोनों ही अपनी अर्थव्यवस्थाओं को खुद ही नुकसान पहुंचाने में माहिर हैं। 8 नवंबर 2016 को नोटबंदी हुई थी। 2 अप्रैल 2025 को विचित्र जवाबी टैरिफ लगाए हैं। बाजार टैरिफ लगाने के तरीके पर पूर्वानुमानित प्रतिक्रिया दे रहे हैं।
शेयर बाजार में भारी गिरावट
डोनाल्ड ट्रंप के जवाबी टैरिफ से उपजी आशंकाओं और अमेरिकी बाजार की रिकॉर्ड गिरावट के बाद घरेलू शेयर बाजार में सोमवार को बड़ी गिरावट हुई। सेंसेक्स और निफ्टी में 5 प्रतिशत से अधिक की गिरावट हुई। शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स 3,939.68 अंक यानी 5.22 फीसदी गिरकर 71,425.01 अंक पर खुला, जबकि निफ्टी 1,160.8 अंक यानी 5.06 फीसदी गिरकर 21,743.65 अंक पर आ गया।
सेंसेक्स की सभी 30 शेयर लाल निशान पर कारोबार कर रहे थे। टाटा स्टील में 8 प्रतिशत से अधिक की गिरावट आई, उसके बाद टाटा मोटर्स में 7 प्रतिशत से अधिक की गिरावट आई। एचसीएल टेक्नोलॉजीज, टेक महिंद्रा, इंफोसिस, लार्सन एंड टूब्रो, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज और रिलायंस इंडस्ट्रीज अन्य बड़ी गिरावट वाले शेयर रहे।
एशियाई बाजार का भी बुरा हाल
एशियाई बाजारों में हॉन्गकॉन्ग का हैंगसेंग लगभग 11 प्रतिशत गिरा। जबकि टोक्यो का निक्केई सात प्रतिशत गिरा। शंघाई इंडेक्स में छह प्रतिशत और दक्षिण कोरिया के कोस्पी इंडेक्स में पांच फीसदी की गिरावट रही।
अमेरिकी बाजार में भी गिरावट
बाजार में मची हाहाकार से अमेरिका भी अछूता नहीं है। वैश्विक अर्थव्यवस्था में मंदी के खतरे चीन की ओर से जवाबी टैरिफ के एलान के बाद डॉव में 2,231 अंक या 5.5% की गिरावट आई थी। व्यापक एसएंडपी 500 में 5.97% की गिरावट आई थी। तकनीक-प्रधान नैस्डैक कंपोजिट में में भी 5.82% की गिरावट दर्ज की गई थी। ऐसे ही नैस्डैक कंपोजिट में 5.5% की गिरावट दर्ज की गई थी।