गणेशगुड़ी गणेश मंदिर में गणपति जन्मोत्सव की तैयारियां अंतिम चरण में, 41 सवामणी भोग लगेगा, दिल्ली की छड़ी लाल एंड पार्टी प्रस्तुत करेगी विशेष नृत्य-नाटिका
थर्ड आई न्यूज़
गुवाहाटी। श्री गणेश जन्मोत्सव समिति, दिसपुर के 51वें स्थापना दिवस एवं भगवान गणेश के जन्मोत्सव को लेकर गणेशगुड़ी स्थित गणेश मंदिर परिसर में तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। आयोजन को भव्य और यादगार बनाने के लिए समिति के पदाधिकारी, सदस्य एवं महिला कार्यकर्ता विभिन्न व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने में जुटे हैं।
समिति के अध्यक्ष संदीप भजनका ने बताया कि गणेश जन्मोत्सव से संबंधित लगभग सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। मंदिर परिसर को उत्सव के अनुरूप सजाने के साथ श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं की जा रही हैं। अब समिति के सदस्यों और श्रद्धालुओं को गणपति के आगमन एवं दर्शन की प्रतीक्षा है।
सचिव दीपक भजनका ने बताया कि इस वर्ष भगवान गणेश को करीब 41 सवामणी भोग अर्पित किए जाएंगे। उत्सव के दौरान दिल्ली की प्रसिद्ध छड़ी लाल एंड पार्टी की ओर से विशेष नृत्य-नाटिका भी प्रस्तुत की जाएगी। धार्मिक कार्यक्रमों के साथ यह प्रस्तुति आयोजन का प्रमुख आकर्षण रहेगी।
कोषाध्यक्ष चेतन शर्मा ने बताया कि आयोजन के लिए श्रद्धालुओं का उत्साहपूर्वक सहयोग मिल रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि हर वर्ष की तरह इस बार भी श्रद्धालुओं की आस्था और सहयोग से गणपति जन्मोत्सव उत्साहपूर्वक संपन्न होगा।
समिति के पूर्व अध्यक्ष अशोक गोयल ने कहा कि पदाधिकारी, सदस्य और महिला कार्यकर्ता आयोजन को सफल बनाने के लिए पूरी निष्ठा से जुटे हैं। सभी को भगवान गणपति के आगमन और उनके दर्शन की प्रतीक्षा है।
समिति ने गुवाहाटी एवं आसपास के श्रद्धालुओं से परिवार सहित गणपति जन्मोत्सव में शामिल होकर पूजा-अर्चना करने और भगवान गणेश का आशीर्वाद प्राप्त करने का आग्रह किया है।

