राम-नाम का स्मरण जीवन में शांति, सुख और आध्यात्मिक शक्ति का स्रोत : योगी निवृत्ति नाथ

थर्ड आई न्यूज़

गुवाहाटी । श्री राम कथा सत्संग समिति के तत्वावधान में आयोजित संगीतमयी श्रीराम कथा के आठवें दिन व्यासपीठ से प्रवचन करते हुए योगी निवृत्ति नाथ ने कहा कि भगवान राम के नाम की शरण मनुष्य को शांति, सुख और आध्यात्मिक सहारा प्रदान करती है। उन्होंने कहा कि राम कथा हमें जीवन के प्रत्येक क्षण में राम-नाम का स्मरण करने की प्रेरणा देती है।

महाराज ने अपने प्रवचन में कहा कि राम-नाम में अद्भुत शक्ति निहित है। इसका स्मरण मन को स्थिरता प्रदान करता है, चिंताओं को दूर करता है और जीवन की कठिन परिस्थितियों का सामना करने का आत्मबल देता है। भक्ति परंपरा में राम-नाम को मोक्ष और आत्मिक आनंद का सरलतम मार्ग माना गया है।

कथा के दौरान श्रद्धालुओं ने भक्ति रस से ओतप्रोत वातावरण में राम कथा का श्रवण किया और संगीतमय भजनों का आनंद लिया। कथा स्थल पर पूरे समय भक्तिमय माहौल बना रहा।

इस अवसर पर संजय-बबीता चौधरी तथा रामनिवास-नौहाल दंपति यजमान के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर व्यासपीठ का पूजन किया तथा योगी निवृत्ति नाथ से आशीर्वाद प्राप्त किया।

समिति की ओर से बताया गया कि कथा का समापन दिवस मंगलवार को प्रातः 9 बजे से दोपहर 1 बजे तक आयोजित किया जाएगा। श्री राम कथा सत्संग समिति ने रामभक्तों एवं श्रद्धालुओं से अधिकाधिक संख्या में उपस्थित होकर कथा श्रवण का लाभ लेने का आग्रह किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *